Train Fire Firozabad : फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में बुधवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) पर दौड़ रही एक मालगाड़ी के डिब्बे में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते डिब्बे से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और काले धुएं का गुबार आसमान में छा गया। जिस डिब्बे में आग लगी थी, उसमें नई चार पहिया गाड़ियां लदी हुई थीं। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक मालगाड़ी टूंडला से कानपुर की ओर जा रही थी। शाम करीब 4 बजे लाइनपार थाना क्षेत्र के रूपसपुर के पास पहुंचते ही एक डिब्बे में आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। दूर-दूर तक धुआं दिखाई देने लगा, जिसके बाद आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की 4 गाड़ियां घटनास्थल पर भेजी गईं। इसके अलावा आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया। पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।

मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक आग की लपटें काफी तेज थीं और कुछ समय के लिए लोगों को डर था कि कहीं आग दूसरे डिब्बों तक न फैल जाए। क्योंकि ट्रेन में वाहन लदे हुए थे, इसलिए स्थिति और भी संवेदनशील मानी जा रही थी। हालांकि दमकल कर्मियों ने लगातार प्रयास करते हुए आग को फैलने से रोक दिया।

कई घंटे चले ऑपरेशन के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि आग में वाहनों को कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन किया जा रहा है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) सत्येंद्र पांडे ने बताया कि मालगाड़ी के जिस डिब्बे में आग लगी थी, उसमें चार पहिया वाहन लदे हुए थे। सुरक्षा कारणों से DFC के एक रूट पर कुछ समय के लिए परिचालन प्रभावित हुआ, लेकिन दूसरे रूट पर ट्रेनों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी रही।

फिलहाल रेलवे और संबंधित विभाग आग लगने की वजह का पता लगाने में जुटे हैं। तकनीकी खराबी से लेकर अन्य सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इस घटना ने रेलवे सुरक्षा को लेकर कई सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। Train Fire Firozabad