Parliament News: नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को राज्यसभा सांसद के रूप में दोबारा शपथ लेकर अपनी नई संसदीय पारी की शुरुआत की। शपथ समारोह उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन की मौजूदगी में आयोजित हुआ। इस मौके पर कांग्रेस संसदीय दल (CPP) की चेयरपर्सन सोनिया गांधी, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
कर्नाटक से दोबारा निर्वाचित होने के बाद मल्लिकार्जुन खरगे ने हिंदी में शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने उन्हें बधाई दी और उम्मीद जताई कि सदन को उनके लंबे संसदीय अनुभव का लाभ मिलता रहेगा।
शपथ ग्रहण के दौरान संसद परिसर में गरिमामय माहौल देखने को मिला। कांग्रेस नेताओं ने खरगे का स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। सोनिया गांधी की मौजूदगी को भी पार्टी के भीतर एकजुटता का संदेश माना जा रहा है। प्रियंका गांधी वाड्रा भी इस अवसर पर मौजूद रहीं और वरिष्ठ नेताओं से बातचीत करती दिखाई दीं।
गौरतलब है कि हाल ही में कर्नाटक से राज्यसभा की चार सीटों के लिए हुए चुनाव में मल्लिकार्जुन खरगे दोबारा निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। उनके साथ कांग्रेस के अन्य उम्मीदवार भी जीतकर उच्च सदन पहुंचे। भाजपा की ओर से भी एक उम्मीदवार निर्विरोध चुना गया।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी संसद सत्र में विपक्ष की रणनीति तय करने में खरगे की भूमिका अहम रहने वाली है। संसद में कई महत्वपूर्ण विधेयकों और राष्ट्रीय मुद्दों पर विपक्ष की आवाज बुलंद करने की जिम्मेदारी भी उनके कंधों पर रहेगी। कांग्रेस नेतृत्व को उम्मीद है कि उनका अनुभव पार्टी की संसदीय रणनीति को और मजबूत करेगा।
शपथ लेने के बाद मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया पर भी अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि दोबारा राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेना उनके लिए सम्मान और जिम्मेदारी दोनों है। उन्होंने कर्नाटक की जनता, पार्टी नेतृत्व और सभी समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि वे लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करते रहेंगे।

शपथ ग्रहण समारोह में सत्ता और विपक्ष के नेता रहे मजूद।Parliament News:
इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश भी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह ने सत्ता और विपक्ष के नेताओं को एक मंच पर लाकर संसदीय परंपराओं की गरिमा को भी दर्शाया।Parliament News
कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी इस अवसर को लेकर उत्साह देखा गया। पार्टी नेताओं का कहना है कि खरगे का अनुभव आने वाले समय में संसद के भीतर विपक्ष को मजबूत दिशा देगा। माना जा रहा है कि आगामी सत्र में महंगाई, बेरोजगारी, किसानों, सामाजिक न्याय और आर्थिक मुद्दों पर कांग्रेस आक्रामक रुख अपना सकती है।Parliament News

