Ayush Malik Hindu Again ? : शामली: उत्तर प्रदेश के शामली जिले का चर्चित आयुष मलिक धर्मांतरण मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार वजह बना है आयुष मलिक का नया वायरल वीडियो। सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रहे इस वीडियो में आयुष खुद को आयुष मलिक बताते हुए कहते हैं कि उन्होंने पहले इस्लाम धर्म अपनाया था,

लेकिन अब अपनी इच्छा, परिवार की भावनाओं और माता-पिता की चिंता को देखते हुए अपने मूल धर्म हिंदू धर्म में वापस लौट आए हैं। वीडियो में आयुष कहते हैं कि अब वह अपने माता-पिता के प्यार और परिवार के साथ रहना चाहते हैं। वीडियो के बाद परिवार के साथ पूजा-पाठ करते हुए उनकी तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

यह मामला पहले से ही पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ था। 6 जून को आयुष के पिता देवराज मलिक ने पुलिस में शिकायत देकर आरोप लगाया था कि उनके बेटे का शादी का झांसा देकर धर्म परिवर्तन कराया गया और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दिल्ली में निकाह कराया गया। शिकायत के बाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश गैरकानूनी धर्मांतरण प्रतिषेध अधिनियम समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

जांच के दौरान पुलिस ने पहले चांदनी कुरैशी और उसके पिता इस्लाम कुरैशी को गिरफ्तार किया। इसके बाद तौफीक उर्फ भोला को भी गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से पुलिस ने एक कथित निकाहनामा बरामद करने का दावा किया। पुलिस का कहना है कि इस दस्तावेज की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इसका पूरे मामले से क्या संबंध है। अब तक इस केस में कई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है। Ayush Malik Hindu News,

इस पूरे मामले के बीच कुछ दिन पहले आयुष की नई तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। एक फोटो में वह लंबे बाल और दाढ़ी में नजर आए, जबकि दूसरी तस्वीर में उनका सिर मुंडा हुआ और दाढ़ी कटी हुई दिखाई दी। उस समय इन तस्वीरों को लेकर तरह-तरह के दावे किए गए थे, लेकिन उनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी थी। अब नए वीडियो के सामने आने के बाद इन तस्वीरों और पूरे घटनाक्रम पर चर्चा फिर तेज हो गई है।

Ayush Malik Hindu पहले खुद को मोहम्मद अली बता रहे थे

दिलचस्प बात यह है कि इससे पहले आयुष, जो खुद को मोहम्मद अली बता रहे थे, सार्वजनिक रूप से कह चुके थे कि उन्होंने अपनी मर्जी से इस्लाम धर्म स्वीकार किया था और दोबारा हिंदू धर्म में वापस नहीं जाएंगे। उन्होंने यह भी दावा किया था कि उन पर किसी तरह का दबाव नहीं था और उनके पिता ने बाहरी दबाव में शिकायत दर्ज कराई है। लेकिन अब वायरल वीडियो में उनका बयान पहले के बयान से बिल्कुल अलग नजर आ रहा है, जिसके बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

नए वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस भी तेज हो गई है। कुछ लोग इसे आयुष का निजी और स्वैच्छिक फैसला बता रहे हैं, जबकि कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या उन पर किसी हिंदू संगठन, परिवार या पूरे मामले के देशभर में वायरल होने के बाद कोई दबाव बना था। फिलहाल इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो में भी आयुष ने किसी संगठन या व्यक्ति पर दबाव डालने का आरोप नहीं लगाया है।

Ayush Malik धर्मांतरण मामले की जांच अभी जारी है

उधर पुलिस धर्मांतरण मामले की जांच तेजी से कर रही है। और सभी सबूतों की कानूनी तरीके से जांच की जा रही है। आने वाले दिनों में जांच और अदालत की कार्यवाही के बाद ही इस पूरे मामले की तस्वीर पूरी तरह साफ हो पाएगी।

फिलहाल आयुष मलिक का नया वीडियो और परिवार के साथ पूजा करते हुए सामने आई तस्वीरों ने इस मामले को एक बार फिर सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में चर्चा का बड़ा विषय बना दिया है। Ayush Malik Hindu