WhatsApp Username Feature : नई दिल्ली: दुनिया के सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप WhatsApp ने अपने करोड़ों यूजर्स के लिए लंबे समय से इंतजार किया जा रहा एक बड़ा फीचर पेश कर दिया है। अब यूजर्स अपना मोबाइल नंबर बताए बिना भी WhatsApp पर लोगों से जुड़ सकेंगे। कंपनी ने Username Reservation फीचर की शुरुआत कर दी है, जिससे यूजर्स पहले ही अपना पसंदीदा यूजरनेम रिजर्व कर सकेंगे।

अब तक WhatsApp पर किसी से बात करने के लिए उसका मोबाइल नंबर होना जरूरी था। लेकिन नए अपडेट के बाद यूजर अपने नाम की जगह एक यूनिक Username बना सकेगा और उसी के जरिए दूसरे लोग उससे संपर्क कर पाएंगे। इससे खासकर उन लोगों को बड़ी राहत मिलेगी जो अपना निजी नंबर हर किसी के साथ साझा नहीं करना चाहते।

WhatsApp Username कैसे करेगा काम?

WhatsApp के मुताबिक यूजर अपने अकाउंट में जाकर एक यूनिक Username चुन सकेगा। यह 3 से 35 कैरेक्टर के बीच होगा और पूरी दुनिया में केवल एक ही व्यक्ति उस यूजरनेम का इस्तेमाल कर सकेगा। अगर किसी ने पहले से वही Username ले लिया है तो दूसरा यूजर उसे नहीं चुन पाएगा।

WhatsApp Username से फोन नंबर कैसे रहेगा पूरी तरह सुरक्षित

इस फीचर का सबसे बड़ा फायदा प्राइवेसी है। जब कोई नया व्यक्ति आपके Username के जरिए आपसे संपर्क करेगा तो उसे आपका मोबाइल नंबर दिखाई नहीं देगा। हालांकि WhatsApp अकाउंट बनाने और वेरिफिकेशन के लिए फोन नंबर पहले की तरह जरूरी रहेगा। मौजूदा कॉन्टैक्ट्स, जिनके पास आपका नंबर पहले से सेव है, वे सामान्य तरीके से आपको देखते रहेंगे।

WhatsApp Username में बड़े नाम पहले से होंगे सुरक्षित

Meta ने बताया है कि सेलिब्रिटी, सार्वजनिक हस्तियों और बड़े ब्रांड्स के कुछ यूजरनेम पहले से रिजर्व रखे जाएंगे ताकि कोई फर्जी अकाउंट बनाकर उनकी पहचान का गलत इस्तेमाल न कर सके। इसके अलावा WhatsApp किसी तरह की सार्वजनिक Username Directory भी नहीं बनाएगा। यानी किसी का Username तभी इस्तेमाल किया जा सकेगा जब वह आपको पहले से पता हो।

कब और कैसे मिलेगा Whatsapp Username फीचर ?

कंपनी ने Username Reservation की शुरुआत कर दी है। यह फीचर चरणबद्ध तरीके से दुनिया भर के यूजर्स तक पहुंचाया जाएगा। अगर आपके WhatsApp में अभी यह विकल्प नहीं दिख रहा है तो आने वाले दिनों में ऐप अपडेट के साथ मिल सकता है। इसके लिए WhatsApp का लेटेस्ट वर्जन इंस्टॉल रखना जरूरी होगा।

WhatsApp का क्यों है यह खास अपडेट ?

Telegram और Signal जैसे ऐप्स में पहले से Username सिस्टम मौजूद था। अब WhatsApp ने भी यह सुविधा जोड़कर यूजर्स की प्राइवेसी को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। खासतौर पर बिजनेस, क्रिएटर्स और ऐसे यूजर्स जिन्हें अपना मोबाइल नंबर सार्वजनिक नहीं करना होता, उनके लिए यह फीचर काफी उपयोगी साबित हो सकता है।