Flash Flood Missouri : अमेरिका के मिसौरी (Missouri) राज्य में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी है। तेज बारिश के बाद आई फ्लैश फ्लड ने कई इलाकों को पानी में डुबो दिया। सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में लेस्टरविल (Lesterville) का एक समर कैंप रहा, जहां 200 से अधिक बच्चे और स्टाफ बाढ़ के पानी में फंस गए। हालात इतने गंभीर हो गए कि अमेरिकी सेना के नेशनल गार्ड को ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टरों के जरिए सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना पड़ा।

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक लगातार कई घंटों तक हुई बारिश के कारण सड़कें बह गईं और समर कैंप का संपर्क पूरी तरह टूट गया। पानी तेजी से बढ़ने लगा, जिसके चलते बच्चों और कैंप स्टाफ को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना मुश्किल हो गया। इसके बाद प्रशासन ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और हेलिकॉप्टरों की मदद से सभी लोगों को नजदीकी स्कूल में पहुंचाया गया, जहां उन्हें उनके परिजनों से मिलाया गया।

बताया जा रहा है कि कैंप में मौजूद बच्चों के साथ स्टाफ और काउंसलर भी फंस गए थे। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया और किसी बड़े जान-माल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई। कैंप प्रबंधन ने भी रेस्क्यू टीमों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि उनकी तेज कार्रवाई की वजह से बड़ी त्रासदी टल गई।

कई स्थानों पर लोग पेड़ों और ऊंची जगहों पर फंस गए Flash Flood Missouri

इधर मिसौरी के दूसरे इलाकों में भी बाढ़ का असर देखने को मिला। ब्लैक रिवर के किनारे स्थित एक कैंपग्राउंड में पानी का दबाव इतना बढ़ गया कि एक इमारत का हिस्सा ढह गया। वहां मौजूद लोगों को भी रेस्क्यू टीमों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कई स्थानों पर लोग पेड़ों और ऊंची जगहों पर फंस गए थे, जिन्हें नावों और हेलिकॉप्टरों की मदद से बचाया गया।Flash Flood Missouri

मिसौरी के गवर्नर ने हालात को देखते हुए पूरे राज्य में आपातकाल (State of Emergency) घोषित कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदियों और नालों के आसपास जाने से बचें और मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान दें। अधिकारियों का कहना है कि कुछ इलाकों में 6 से 12 इंच तक बारिश दर्ज की गई है और आने वाले दिनों में भी भारी वर्षा की आशंका बनी हुई है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मिसौरी के अलावा आसपास के कई राज्यों में भी तेज बारिश, आंधी और फ्लैश फ्लड का खतरा बना हुआ है। राहत एवं बचाव दल लगातार प्रभावित इलाकों में निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

विशेषज्ञों का कहना है कि हाल के वर्षों में अमेरिका में अत्यधिक बारिश और फ्लैश फ्लड की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। ऐसे हालात में प्रशासन पहले से ज्यादा सतर्कता बरत रहा है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी जा रही है। Flash Flood Missouri