ब्रिक्स बैठक के दौरान ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका और पश्चिमी देशों पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि दुनिया अब ऐसे मोड़ पर पहुंच चुकी है जहां देशों को “अमेरिकी दबाव और धमकियों” के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा होना पड़ेगा।
नई दिल्ली में हुई BRICS विदेश मंत्रियों की बैठक में अराघची ने कहा कि ईरान सिर्फ अपने लिए नहीं बल्कि उन सभी देशों के लिए लड़ रहा है जो पश्चिमी दबाव का सामना कर रहे हैं। उन्होंने BRICS देशों से अमेरिका और इजरायल की कार्रवाई के खिलाफ खुलकर आवाज उठाने की अपील भी की।
ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि “अमेरिकी बुलिंग” अब दुनिया के कई देशों के लिए बड़ा खतरा बन चुकी है और BRICS जैसे समूहों को इसके खिलाफ मजबूत भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा हालात में बातचीत और कूटनीतिक समाधान ही सबसे बेहतर रास्ता है।
वहीं दूसरी तरफ BRICS देशों के बीच वेस्ट एशिया युद्ध को लेकर मतभेद भी सामने आए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान चाहता है कि BRICS अमेरिका और इजरायल के खिलाफ संयुक्त बयान जारी करे, लेकिन कुछ देशों की अलग राय की वजह से सहमति बनना मुश्किल दिखाई दे रहा है।
इस बीच भारत ने भी क्षेत्रीय स्थिरता, ऊर्जा सप्लाई और समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि मौजूदा हालात पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर असर डाल सकते हैं और शांति बनाए रखना बेहद जरूरी है। BRICS SUMMIT 2026

