Iqra Hasan Detained | सहारनपुर में सांसद इकरा हसन को लेकर एक नया मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक इकरा हसन एक पीड़ित परिवार के साथ सहारनपुर डीआईजी ऑफिस पहुंचीं थीं। बताया जा रहा है कि एक महिला अपने बेटे की हत्या के मामले में इंसाफ की मांग कर रही थी और उसका आरोप था कि अब तक मामले में सही कार्रवाई नहीं हुई।
मामले के दौरान डीआईजी ऑफिस में कुछ देर के लिए माहौल गरमा गया। इसी बीच इकरा हसन को महिला थाने में बैठाए जाने की खबर सामने आई, जिसके बाद पूरे इलाके में इसको लेकर चर्चा तेज हो गई। घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी इस मामले को लेकर सवाल उठने लगे।
इकरा हसन ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वो सिर्फ पीड़ित परिवार की आवाज प्रशासन तक पहुंचाने आई थीं। उनका कहना था कि उनका मकसद किसी तरह का प्रदर्शन करना नहीं था, बल्कि एक परेशान परिवार को इंसाफ दिलाने की कोशिश थी।
इकरा हसन ने यह भी दावा किया कि उन्हें महिला थाने में करीब 10 मिनट तक बैठाकर रखा गया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर उन्हें वहां रोकने की जरूरत क्या थी।
फिलहाल इस पूरे मामले पर चर्चा लगातार जारी है और अब प्रशासन की तरफ से आने वाले जवाब पर सबकी नजर बनी हुई है।

